प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 साल के बाद एक बार फिर फतेहाबाद आ रहे हैं। वे लोकसभा चुनाव 2019 का प्रचार करते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे। 20 साल पहले अगस्त 1999 में फतेहाबाद के ही एमएम कॉलेज में नरेंद्र मोदी बतौर हरियाणा प्रभारी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ आए थे।
बुधवार को जब मोदी बतौर प्रधानमंत्री फतेहाबाद आएंगे तो उनके जिम्मे हिसार-सिरसा सीट पर बीजेपी का कमल खिलाने की जिम्मेदारी होगी। इन दोनों सीटों पर आज तक बीजेपी लोकसभा चुनाव नहीं जीती है। रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल शिरकत नहीं करेंगे। वह कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी की रैली में नजर आएंगे।
वहीं रैली की पूरी व्यवस्था बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला संभाल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के आने से ऐन पहले सुभाष बराला मंच संचालक की भूमिका में आ जाएंगे। नरेंद्र मोदी की व्यस्तता के चलते बीजेपी नेता एक-एक मिनट को इस्तेमाल करना चाह रहे हैं।
